बेगूसराय से इस वक्त एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने पांच लाख रुपये लूटने के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात लाखो थाना क्षेत्र के पनसल्ला ढाला के पास उस समय घटी, जब युवक राहुल पोद्दार अपने घर जा रहा था। इस निर्मम हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग भारी गुस्से में हैं।
लूट का विरोध करने पर गोली मारी
जानकारी के मुताबिक, राहुल पोद्दार बलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था और पेशे से कावड़ी की दुकान चलाता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को वह बेगूसराय से मोटरसाइकिल पर सवार होकर पांच लाख रुपये लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पनसल्ला के पास एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उसे घेर लिया और हथियार दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूटने लगे। राहुल ने जब लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने उसके सीने में गोली दाग दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- Bihar: मासूम की मौत के बाद बेकाबू ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव; तनाव के बीच हवाई फायरिंग, पुलिस बल तैनात
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची है, जो सबूत जुटाने में लगी हुई है। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-31 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं, लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े लूट और हत्या यह साबित करता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।
‘पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, लेकिन पुलिस मौन’
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पनसल्ला ढाला के आस-पास पहले भी इस तरह की आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने कभी भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Bihar: दुर्गा पूजा के दौरान पति गया था आर्केस्ट्रा देखने, घर लौटा तो लटका मिला पत्नी का शव; दहेज हत्या का आरोप
पुलिस ने क्या कहा?
बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने घटना पर बयान देते हुए बताया कि राहुल पोद्दार की हत्या लूटपाट का विरोध करने पर की गई है। अपराधी राहुल का रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।