इंडिया उम्मीदवार संजय कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के खगड़िया लोकसभा से इंडिया/महागठबंधन उम्मीदवार संजय कुमार सिंह का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उसमें वह एक यूट्यूबर से जम्मू कश्मीर में धारा 370 और 35ए की वकालत करते हुए दिख रहे हैं। वह दावा कर रहे हैं कि मोदी सरकार के जाते ही जम्मू कश्मीर में पहले की व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी। उनका यह बयान वायरल होने के बाद से ही एनडीए उन पर हमलावर है। एनडीए प्रत्याशी राजेश वर्मा ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि इंडिया एलायंस की मंशा पहले से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को बता रहे हैं। अब खगड़िया में महागठबंधन उम्मीदवार का यह बयान हमारे आरोप को जीवंत कर रहा है।
कश्मीर को लेकर दिया बयान
जानकारी के मुताबिक, महागठबंधन के सीपीआईएम उम्मीदवार संजय कुमार सिंह ने खगड़िया के एक स्थानीय यूट्यूबर से बातचीत के दौरान कहा कि जम्मू कश्मीर में मुस्लिम समुदाय बहुसंख्यक है। उनका गठबंधन वहां फिर से धारा 370 और 35ए को बहाल करने के पक्ष में है। संजय सिंह का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद से लोग उनके खिलाफ टिप्पणियां कर रहे हैं।
एनडीए ने लगाया देश विरोध का आरोप
जम्मू और कश्मीर पर महागठबंधन उम्मीदवार के बयान के बाद खगड़िया में राजनीतिक माहौल गर्म है। एक तरफ सोशल मीडिया में इस बयान के विरोध में लोग आ खड़े हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ एनडीए ने भी मोर्चा खोल लिया है। इस बाबत एनडीए की तरफ से लोजपा (रामविलास) के उम्मीदवार राजेश वर्मा ने सीधे-सीधे इंडिया एलाइंस और महागठबंधन पर जुबानी हमला किया है।
उन्होंने कहा है कि इंडिया एलाइंस देश के जज्बातों को नहीं समझ रहा है। वह कभी राम मंदिर का विरोध कर रहा है, तो कभी सनातन धर्म को नीचा दिखाने का काम कर रहा है। राजेश वर्मा ने कहा कि जनता को यह सोचना होगा कि देश का नेतृत्व किसके हाथों में जाए। अगर यह लोग सत्ता में वापस आ गए तो यह बात पक्की है कि ये भारत को एक बार पुनः धर्म के आधार पर बांटने का काम करेंगे।
विश्व से परमाणु हथियार हो नष्ट
इधर, जम्मू और कश्मीर पर महागठबंधन उम्मीदवार के बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संजय सिंह ने अमर उजाला को टेलीफोन पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि जम्मू और कश्मीर का मामला जनमत संग्रह का होगा। अगर हम लोग सत्ता में आए तो इस पर विचार किया जाएगा। उनका आरोप है कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। हालांकि भारत में परमाणु हथियार होने या न होने की बात पर उन्होंने कहा कि विश्व शांति के लिए जरूरी है कि पूरा विश्व इस हथियार को नष्ट कर दे।