लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' सोमवार को बिहार के खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में पहुंचा। यहां सुबह चाय पर चर्चा में आम मतदाताओं के मुद्दे जाने गए। दोपहर में युवाओं से चर्चा में लोकसभा क्षेत्र के उनके मुद्दों को समझने की कोशिश कर रहे हैं।
'नेता बेहतर काम करेंगे तो अच्छा विकास हो पाएगा'
खगड़िया के रेलवे स्टेशन रोड पर अमर उजाला से बातचीत में प्रियांशु कुमार ने कहा कि खगड़िया में विकास का काम उतना बेहतर तो नहीं हुआ है, लेकिन वे (नेता) खगड़िया जिला का थोड़ा-थोड़ा विकास होने की बात कर रहे हैं। अगर वे बेहतर से काम करेंगे तो खगड़िया जिले का अच्छे से विकास हो पाएगा।
'नौकरी के लिए नई सरकार बनानी चाहिए'
वहीं, आदर्श कुमार ने बताया कि फिलहाल युवाओं के लिए नेता कुछ नहीं कर रहे हैं। युवाओं को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। पढ़ाई-लिखाई में भी बहुत ज्यादा कठिनाई होती है। यहां सरकार नौकरी तो दे नहीं रही है। कुछ समय पहले जब तेजस्वी यादव सरकार के साथ थे, जब तक वह रहे उन्होंने नौकरियां दीं। अब नौकरी देने की बात रही तो अब नई सरकार बनानी चाहिए, कोई भी सरकार रहे पर काम करे।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाया बड़ा सवाल
उन्होंने आगे कहा कि बच्चे लोग बाहर पढ़ने जाते हैं, वहां रहने-ठहरने की व्यवस्था कुछ ठीक नहीं है। जैसे खगड़िया में लोग कमरा लेकर रहते हैं तो उसका खर्चा हो गया, फिर ट्यूशन फीस हो गई। सरकार ने जब कॉलेज खोले हैं तो ट्यूशन किस लिए और ट्यूशन ही लेनी है तो कॉलेज किस लिए हैं, यह हम जानना चाहते हैं आपसे (सरकार से)।
'अच्छी शिक्षा मिले, शिक्षकों की कमी पूरी हो'
स्वदेश कुमार ने बताया कि अच्छी पढ़ाई के लिए यहां तो उतनी व्यवस्था नहीं है, उसके लिए बाहर जाना पड़ेगा। पहले यह कोसी कॉलेज को कोसी का कैंब्रिज कहा जाता था। अभी यहां कुछ पढ़ाई नहीं होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की कुछ ढिलाई है, जिसके कारण शिक्षा व्यवस्था का यह हाल है। युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले, शिक्षकों की कमी पूरी हो। यही हमारे मुद्दे हैं और क्या।