खगड़िया जिले के सोशल मीडिया में एक फोटो वायरल हुआ है, जिसमें असामाजिक तत्व अपने हाथों में कार्बाइन और पिस्टल के साथ नजर आ रहा है। इस शख्स की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर निवासी मुन्ना कुमार झा के पुत्र प्रीतम झा उर्फ प्रेम कुमार झा के रूप में हुई है। वहीं दूसरी तरफ मानसी नगर पंचायत के चक हुसैनी से भी तीन-चार की संख्या में अपराधियों का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें कुछ युवक हाथ में देशी कट्टा और गोलियों के साथ नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह सभी युवक मानसी नगर पंचायत के चक हुसैनी के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान पुलिस कर रही है।
सदर प्रखंड प्रमुख के पति के मित्र के हाथ में है कार्बाइन
बता दें कि मथुरापुर से हथियारों के साथ जिस युवक प्रेम कुमार झा उर्फ प्रीतम झा का फोटो वायरल हुआ है हुआ है, वह खगड़िया सदर प्रखंड प्रमुख काजल कुमारी के पति और जिला परिषद उपाध्यक्ष श्वेत शिखा का देवर टुकटुक कुमार का मित्र है। ऐसे में सवाल उठता है कि इस युवक के पास कार्बाइन जैसा खतरनाक हथियार कहां से आया और यह हथियार किसका है।
छापेमारी कर जब्त होगा हथियार
मामले में सदर एसडीपीओ मुकुल रंजन ने बताया कि वायरल फोटो के मामले में प्रेम कुमार झा के घर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं मानसी से वायरल वीडियो में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। जल्द ही दोनों मामलों में युवकों को गिरफ्तार किया जाएगा और हथियार को जब्त करते हुए पूछताछ की जाएगी।