परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- फोटो : अमर उजाला
सफियाबाद थाना क्षेत्र पूर्वी इन्द्ररुख पंचायत के चकमानसी निवासी महावीर पासवान का पुत्र सोनू कुमार कुछ महीने से अपनी प्रेमिका के साथ कासिम बाजार थाना क्षेत्र के नव टोलिया में किराये के मकान में रहता था। बीती रात्रि सोनू कुमार घर के दीवार पर बैठा था, तभी दीवार अचानक गिर गई, जिसके बाद आनन-फानन में मकान मालिक और प्रेमिका ने उसे सदर अस्तपताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनू की मौत के बाद प्रेमिका ने मोबाइल के जरिये घर वालों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद शव को एंबुलेंस के जरिये घर लाया गया। वहीं घर पर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिसके बाद परिजनों ने सोनू की प्रेमिका और मकान मलिक को पकड़कर पूछताछ करना शुरू कर दिया, जिसके बाद कासिम बाजार थाना पुलिस को सूचना दी।
पति और बच्चे को छोड़कर चली आयी
सूचना मिलते ही कासिम बाजार थानाध्यक्ष ध्रुव कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि सोनू को 5 महीना पूर्व नवादा जिले की रहनेवाली चार बच्चों की मां से प्यार हो गया, जिसके बाद महिला अपने पति और बच्चे को छोड़कर सोनू के पास मुंगेर चली आयी।
पोस्टमार्टम के बाद मौत का पता चलेगा
हालांकि परिजनों का आरोप है कि कुछ महीने पहले उक्त महिला का संबंध मकान मालिक और उसके पुत्र से हो गया था। जिसके कारण उसने मकान मालिक और बेटे के साथ मिलकर सोनू की चेहरे पर तकिया रखकर हत्या कर दी। इस मामले में सदर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन दिया गया, जिसमें हत्या की बात कही जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चलेगा।