लखीसराय के नगर थाना क्षेत्र के बालगुदर पेट्रोल पंप के समीप शनिवार दोपहर करीब दो बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। एनएच-80 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी सीएनजी ऑटो टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो चालक छोटू कुमार (28), पिता शैलेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ऑटो पर सवार नौ यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। इनमें दो की स्थिति नाजुक बताई गई है।
पांच घायलों को पीएमसीएच रेफर
रेफर होने वालों में अनरवा देवी (35), पति रामवृक्ष मांझी, मीना देवी (64), पति दिनेश सिंह, नीलम देवी (65), पति विजय सिंह, काठी देवी (65), पति बैजनाथ मिस्त्री और प्रतिमा देवी (65), पति सच्चिदानंद सिंह शामिल हैं। वहीं, रामवृक्ष मांझी (40), पिता लखन मांझी, अजनसिया देवी (65), पति मोहरमी मांझी, मीना देवी (65), पति नवलकिशोर सिंह और सुनैना देवी (60), पति लखन सिंह का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।
बड़हिया से गंगा स्नान कर लौट रहे थे
बताया गया कि ऑटो पर सवार श्रद्धालु लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के मतासी गांव के रहने वाले हैं। सभी बड़हिया गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। स्नान के बाद सीएनजी ऑटो से घर लौटने के दौरान बालगुदर पेट्रोल पंप के समीप ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ये भी पढ़ें-
10वीं-12वीं में फेल: पिता ने मारा ताना तो आईआईटी पहुंचे, आईपीएस मोहिबुल्लाह को अमेरिका देगा एशियन हीरो सम्मान
एसडीपीओ और एसडीओ ने ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ शिवम कुमार और एसडीओ प्रभाकर कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन से इलाज के संबंध में जानकारी ली।एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रक से सीएनजी ऑटो की टक्कर हुई है। हादसे में ऑटो चालक की मौत हुई है और नौ यात्री घायल हुए हैं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जिनमें गंभीर स्थिति वाले लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। एसडीओ प्रभाकर कुमार ने बताया कि सभी घायलों के इलाज पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए पटना तक व्यवस्था कराई जाएगी। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मृत ऑटो चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में ले लिया है।