बेगूसराय में भीषण बारिश के दौरान ठनका गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह पूरा मामला मंझौल थाना क्षेत्र के मंझौल पंचायत तीन उसराहा मुसहरी के पास का है।
बताया जा रहा है कि वज्रपात गिरने एवं उसकी तीव्र आवाज सुनकर एक महिला मजदूर की मौत हो गई। जबकि तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतिका की पहचान जमुई जिले के भुल्लर गांव के कारू मांझी के 25 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी के रूप में की गई है। जबकि घायलों की पहचान उक्त पंचायत के उसराहा निवासी स्वर्गीय राजाराम सदा के पुत्र सुनील सदा सुनील सदा की पत्नी गुड्डी देवी पुत्री संगम कुमारी के रूप में की गई है।
घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल मंझौल में किया जा रहा है। मंझौल रेफरल अस्पताल के प्रभारी अनिल प्रसाद ने बताया कि ठनका के आवाज से हृदय गति रुकने से मौत हुई है। फिलहाल, इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने मंझौल थाना पुलिस को दी। मौके पर मंझौल थाने की पुलिस पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।