मुंगेर में संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीदारगंज पंचायत के कहुआ तरपुलवा के पास गुरुवार को बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवक को कुचल दिया। इस हादसे में बांका जिले के खुटही निवासी कौशल कुमार का 18 साल के पुत्र अभिनव कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उसके साथ बाइक पर सवार लखराज गांव निवासी प्रमोद तांती का 19 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार और अजय कुमार तांती का 20 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भागलपुर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांका के तीनों युवक बाइक से तारापुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही कहुआ तरपूलवा के पास सड़क पर चढ़े की पीछे से तेज गति से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गया और तीनों युवक को लगभग 25 मीटर तक घसीटा। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने अभिनव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विक्रम और आयुष की हालत गंभीर देखते हुए भागलपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।
हेलमेट पहने रहते तो बच सकती थी जान
स्थानीय लोगों की माने तो तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर को देखकर ट्रिपल लोड के कारण बाइक चालक का संतुलन बिगड़ने लगा। जब तक वह किनारा ले पाते, तब तक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें पीछे बैठे दोनों युवक बाइक से फेंका गए। जबकि अभिनव बाइक समेत ट्रैक्टर के पहिए के नीचे चला गया। इसके अलावा अभिनव ने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। शरीर के अलावे सिर में गंभीर चोट से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यदि वह हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
अभिनव था इकलौता संतान, इस बार इंटर की परीक्षा देता
परिजन ने बताया कि वह माता-पिता का इकलौता संतान था। इस दुर्घटना से उसके परिवार में गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना पर संग्रामपुर थाना के पुलिस पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया। लेकिन परिजन ने पोस्टमॉर्टम करने से इनकार करते हुए शव को घर ले जाने का फैसला किया। पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। परिजन ने बताया कि अभिनव स्वभाव से काफी सुशील था और पढ़ने में काफी तेज था। वह 12वीं का छात्र था और इस बार इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होता।