फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: पुलिस हिरासत से भागा आरोपी तालाब में डूबा, मौत के बाद थाने पर ग्रामीणों का हंगामा

Sat, 30 May 2026 03:37 PM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खगड़िया

सार

खगड़िया के मोरकाही थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से भागने के दौरान एक आरोपी सौरव कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस उसे एक अन्य आरोपी के साथ गिरफ्तार कर थाने ला रही थी, तभी वह पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाकर भाग निकला और मालती धार तालाब में कूद गया।
विज्ञापन
मोरकाही थाना प्रदर्शन करती भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खगड़िया की मोरकाही थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से भागने के दौरान एक आरोपी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और ग्रामीणों ने शव को मोरकाही थाना परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस हिरासत से भागा आरोपी

जानकारी के अनुसार, मोरकाही थाना कांड संख्या 61/26 में विधि-व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 29 मई को पुलिस टीम सबलपुर गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों सौरव कुमार और अंशु कुमार उर्फ दुखो कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

थाने लौटने के दौरान हुआ हादसा

गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर थाने लौट रही थी। इसी दौरान सौरव कुमार पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाकर भाग निकला। भागते हुए वह गांव के मंदिर के पीछे स्थित मालती धार तालाब में कूद गया। आरोपी के तालाब में कूदने के बाद पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि अंधेरा होने के कारण काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस दूसरे आरोपी को लेकर वापस थाने लौट आई।

ग्रामीणों ने दी मौत की सूचना

कुछ देर बाद ग्रामीणों और स्थानीय चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी कि तालाब में डूबने से सौरव कुमार की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने शव को लेकर मोरकाही थाना पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: बिहार कृषि विश्वविद्यालय में हुआ 35 करोड़ का घोटाला! कैग की रिपोर्ट में क्या? PM मोदी तक पहुंची शिकायत
विज्ञापन


मौके पर पहुंचे कई वरिष्ठ अधिकारी

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीओ धनंजय कुमार, सदर डीएसपी-1 मुकुल कुमार रंजन, सदर डीएसपी-2 पी.एन. साहू, सदर सीओ पुनित कौशल, सदर पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, चित्रगुप्तनगर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना अध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह, गंगौर थाना अध्यक्ष श्याम सुंदर पासवान तथा अलौली थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार सशस्त्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया गया।

पुलिस ने जांच की कही बात

सदर डीएसपी-1 मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है और विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें