बिहार के बेगूसराय में दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां नावकोठी थाना से एक संदिग्ध युवक वेंटिलेटर तोड़कर फरार हो गया, वहीं दूसरी ओर साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे पुराने विवाद में एक युवक को अगवा कर गोली मार दी गई। दोनों घटनाओं से जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
थाना से संदिग्ध फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बेगूसराय के नावकोठी थाना से एक संदिग्ध युवक फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस एक लूटकांड के सिलसिले में संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान पीरनगर क्षेत्र से लाए गए एक युवक को थाने में रखा गया था, लेकिन उसकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
बिना निगरानी का फायदा उठाकर भागा युवक
रात करीब नौ बजे तक पूछताछ के बाद युवक को बिना हथकड़ी और बिना कड़ी निगरानी के रखा गया। इसी का फायदा उठाते हुए उसने थाना के कंप्यूटर कक्ष के पीछे लगे वेंटिलेटर को तोड़ दिया और अंधेरे का लाभ उठाकर थाना से फरार हो गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया।
छापेमारी जारी, अब तक नहीं मिला सुराग
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है। पीरनगर और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्रेम प्रसंग में युवक का अपहरण कर मारी गोली
दूसरी घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के विष्णुपुर आहोक गांव में घटी, जहां प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद हिंसक रूप ले बैठा। बदमाशों ने एक युवक को घर के पास से जबरन उठाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और बाद में उसके सिर में गोली मार दी।
घायल युवक की पहचान, हालत गंभीर
जख्मी युवक की पहचान सूरज सिंह के पुत्र गुलशन कुमार (30) के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, गुलशन के छोटे भाई विभीषण कुमार ने गांव की ही मुनमुन कुमारी से करीब ढाई साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसी शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच तब से विवाद चल रहा था।
रंजिश में वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि इसी रंजिश में देर रात हथियारबंद लोग गुलशन को घर के पास से जबरन उठा ले गए। उसे बाइक पर बैठाकर बहियार की ओर ले जाया गया, जहां पहले उसकी जमकर पिटाई की गई और फिर उसके सिर में गोली मार दी गई।