चारा लाते समय युवक को जहरीले सांप ने काटा
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में सर्पदंश से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चेरिया बरियापुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव के रहने वाले धर्मवीर यादव के रूप में हुई है। इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया है कि आज वह अपने घर से खेत पर पशु चारा लेने के लिए गया था। पशु चारा लेकर जब घर लौटा तो इस दौरान उसे विषैले सांप ने काट लिया था।
सांप काटने के बाद उसे इलाज की जगह परिजन झाड़फूंक करने के लिए ले गए। झाड़ फूंक करने के दौरान युवक की तबीयत और काफी बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उस जगह से उठाकर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने चेरिया बरियापुर थाना पुलिस को दी। मौके पर चेरिया बरियापुर थाने की पुलिस ने पहुंचकर शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष ने बताया है कि विषैले सांप काटने से युवक की मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।