बेगूसराय जिले के बलिया थानाक्षेत्र के शक्ति चौड़ा गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कैलाश प्रसाद शर्मा (75) के रूप में हुई है। परिजनों ने कैलाश के पोष्यपुत्र पोता चंदन शर्मा पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
परिजनों ने बताया कि कैलाश प्रसाद ने बचपन से ही चंदन शर्मा को अपने पोते की तरह पाला था। लेकिन चंदन की चोरी और शराब पीने की आदतों के चलते कुछ समय पहले उसे घर से निकाल दिया था। इसी से नाराज होकर चंदन ने कथित तौर पर कैलाश प्रसाद की हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि जब कैलाश प्रसाद को खाना खाने के लिए बुलाने गए, तो घर अंदर से बंद था। जब उन्होंने दरवाजे के भीतर झांका, तो चंदन कमरे में मौजूद था और उन्हें देखते ही वहां से फरार हो गया। कमरे में प्रवेश करने पर कैलाश प्रसाद मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि संपत्ति के लालच में आकर चंदन ने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी चंदन शर्मा की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है।