सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद भीड़तंत्र पर लगाम लगती दिख नहीं रही है। अब मुजफ्फरपुर में भीड़ ने मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी है। हालांकि मृतक के परिजनों का दावा है कि उसकी हत्या मोबाइल चोरी के लिए नहीं वरन एक युवक से पुरानी दुश्मनी के कारण की गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अर्जुन नाम के एक युवक पर लोगों ने पहले मोबाइल चोरी का आरोप लगाया और फिर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत गई। इस दौरान अर्जुन के साथ मौजूद एक अन्य युवक भी भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित जगदम्बा नगर की है। हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा - बुझाकर शांत कराया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सिटी डीएसपी मुकुल रंजन ने बताया कि हत्या में शामिल लोगों की पहचान करके उचित कार्रवाई की जाएगी।