अस्पताल में भर्ती दोनों घायल युवक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीवान में दिनदहाड़े दो लोगों को घर से बुलाकर गोली मारने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो युवक घायल हुए हैं। उनकी पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के गभीरार गांव निवासी आदित्य कुमार और अंशु कुमार के रूप में हुई है। जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, पीड़ित युवकों के ही साथी संजीत महतो ने इंस्टाग्राम से नंबर निकाल कर फोन कर दोनों को टारी बाजार के पास बुलाया। साथ ही स्टिंग कोल्ड ड्रिंक लेकर आने को कहा। जब यह दोनों स्टिंग कोल्ड ड्रिंक टारी बाजार अपने और चार दोस्तों के साथ अंशु और आदित्य पहुंचे तो संजीत महतो ने कहा कि बगीचे में आओ वहीं बातचीत होगी। आदित्य और अंशु अपने चार साथियों के साथ टारी बाजार के पास बगीचे में पहुंचे। वहां संजीत कुमार पहले से हथियार लेकर मौजूद था। संजीत अपराधी प्रवृत्ति का शख्स बताया जाता है।
बाजार पहुंचने पर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। फिर संजीत महतो ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उसमें आदित्य कुमार और अंशु कुमार को गोली लगी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए सीवान के सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बता दें कि पहले भी इन दोनों पक्षों में विवाद हो चुका है।
रघुनाथपुर थाना प्रभारी तनवीर आलम ने बताया कि संजीत महतो नामक अपराधी ने दोनों युवकों को स्टिंग कोल्ड ड्रिंक लेकर टारी बाजार के पास बगीचे में किसी काम के बहाने बुलाया था। फिर इन लोगों में किसी मामले को लेकर बहस हुई। उसी दौरान संजीत महतो गोली मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि दोनों घायल भी उसी के गिरोह के सदस्य रह चुके हैं। पहले भी इन लोगों का विवाद हो चुका है। मामले की जांच की जा रही है।