बिहार के खगड़िया में वेल्डिंग की एक छोटी सी दुकान करने वाले चन्द्रकांत सिंह की जिंदगी कुछ ही घंटों के अंतराल में पूरी तरह बदल गई है। नाते रिश्तेदारों की बधाइयों के लगातार फोन तो आ ही रहे हैं मीडिया के कैमरों ने भी उनके मकान की चमक बढ़ा दी है।
वजह भी कुछ ऐसी ही है, वेल्डिंग करके परिवार की गुजर बसर करने वाले चन्द्रकांत सिंह के बेटे वात्सल्य को दुनिया की दिग्गज साफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने 1.02 करोड़ की जॉब ऑफर की है। वात्सल्य ने माइक्रोसॉफ्ट के इस ऑफर को स्वीकार कर लिया है हालांकि वह अक्टूबर के आसपास कंपनी ज्वाइन करेंगे।
वात्सल्य आईआईटी खड़गपुर से बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र हैं। माइक्रोसॉफ्ट के इस ऑफर की जानकारी आईआईटी के निदेशक पार्थ चक्रवर्ती ने अपने फेसबुक पेज पर दी। इसके बाद से ही वात्सल्य चर्चाओं के केन्द्र में आ गए, जो आईआईटी से होते हुए खगड़िया के उनके छोटे से घर तक पहुंच गई।