बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में लगातार हो रही लोगों की मौत से हड़कंप मचा हुआ है। अब तक जिले में 16 लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। इस मामले में लौरिया के एसएचओ सहित तीन अन्य को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, चंपारण में 16 लोगों की मौत की वजह साफ नहीं हो पा रही है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। कुछ लोगों का कहना है कि यह मौतें जहरीली शराब पीने के कारण हुई हैं।
स्थानीय लोग कुछ कहने के लिए तैयार नहीं
इधर, पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा, 'हमें बताया गया है कि पिछले दो से तीन दिनों में आठ लोगों की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई है। मृतकों के परिवार और न ही ग्रामीणों ने शराब के सेवन का उल्लेख किया है। ग्रामीण जहरीली शराब को लेकर कोई भी जानकारी नहीं दे रहे हैं। पुलिस ने मरने वालों के परिजनों समेत करीब 40 लोगों के बयान लिए, लेकिन इन सभी ने शराब के सेवन से इनकार किया है।' उन्होंने आगे कहा कि अब एफआईआर दर्जकर जांच की जा रही है। इसके अलावा डिप्टी सीएम रेणू देवी ने भी 16 लोगों की मौत के मामले पर बयान दिया है। उनका कहना है कि मामले में जांच जारी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई बात करने के लिए तैयार नहीं है।
बताते चलें कि कि बीते दिनों लौरिया ब्लॉक के देउरवा में आठ लोगों की मौत हो गई और जल्दबाजी उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ पूछताछ के बाद चली गई। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों ने मंगलवार (13 जुलाई) को शराब पी थी और उसके बाद ही तबीयत खराब हो गई। जानकारी के अनुसार कुछ लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई। हालांकि, जिला प्रशासन अभी इस मामले को लेकर कुछ भी कहना ठीक नहीं समझ रहा है।