जेल में बंद राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने संकेत दिया है कि आज भी वे अपने दुश्मनों से दो-दो हाथ कर सकते हैं, राजनीतिक रूप से वह अभी समाप्त नहीं हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने एक ट्वीट किया।
इसमें उन्होंने लिखा ‘अभी आंखों की शमाएं जल रही हैं उसूल जिंदा है, आप लोग मायूस मत होना अभी बीमार जिंदा है, हजारों जख्म खाकर भी मैं दुश्मन के मुकाबिल हूं, खुदा का शुक्र अब तक दिल-ए-खुद्दार जिंदा है’।
इसी ट्वीट के साथ एक पुराना विडियो भी है जिसमें लालू प्रसाद यादव को एक सार्वजनिक सभा में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। इसमें वे केंद्र सरकार के विदेशों से काला धन लाने के अपने वादे को पूरा न करने और ‘आरएसएस के सांप्रदायिक एजेंडे ’ को आगे बढ़ाने पर जमकर फटकार लगा रहे हैं।
लालू का यह ट्वीट ऐसे समय पर आया है जब केंद्र सरकार ने नागरिकता कानून बना दिया है। इस कानून के विधेयक पर संसद में एनडीए को मिले जेडीयू के समर्थन से लालू को उम्मीद है कि वह फिर से मुस्लिम समुदाय को राजद की ओर खींच सकते हैं।