वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा है कि, मुझे बताया गया कि लालू यादव ने कई लोगों को फोन किया। वह मुझसे भी बात करना चाहते थे, लेकिन मैंने नहीं किया। वह गलत काम कर रहे हैं और उसी तरह के इरादे रखते हैं।
डायरेक्टर बंगले से रिम्स के पेइंग वार्ड में शिफ्ट किए गए
चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर से रिम्स के पेइंग वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद अभी तक रिम्स डायरेक्टर के बंगला में रह रहे थे। माना जा रहा है कि कथित फोन कॉल मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। बता दें कि गुरुवार को रिम्स प्रशासन ने लालू को निदेशक बंगले से अस्पताल के पेइंग वार्ड में शिफ्ट करने के संबंध में आदेश जारी किया था। आदेश जारी होते ही पुलिस और प्रशासन के लोग रिम्स डायरेक्टर बंगला पहुंच गए और शाम करीब चार बजे उन्हें पेइंग वार्ड में शिफ्ट कर दिया।
सुशील मोदी ने लालू पर लगाया साजिश का आरोप
वहीं, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर राज्य की राजग सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया। मोदी ने मंगलवार को कहा था कि लालू प्रसाद जेल से ही एनडीए विधायकों को फोन कर रहे हैं और उन्हें मंत्री पद का लालच दे रहे हैं।
सुशील कुमार मोदी ने यह आरोप मंगलवार को एक ट्वीट में लगाया। अपने इस ट्वीट में मोदी ने एक फोन नंबर भी लिखा है। उन्होंने कहा, 'जब मैंने यह नंबर मिलाया तो सीधे लालू ने फोन उठाया। मैंने उनसे कहा कि इस तरह की गंदी हरकतें जेल से मत करिए, आप सफल नहीं हो पाएंगे।