सहरसा जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव जिला अतिथि गृह पहुंचे। वहां उन्होंने प्रशांत किशोर पर जमकर जुबानी हमला बोला। सांसद पप्पू यादव ने जनसुराज के सूत्रधार का बिना नाम लिए उन पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, जितने चोर- उचक्के और भू-माफिया थे पार्टी गठन के दौरान, वह सभी लोग मंच पर नजर आए। जिन लोगों को किसी पार्टी ने तवज्जो नहीं दिया। वैसे सारे लोग इनके साथ मंच पर मौजूद थे।
सांसद ने कहा, आखिर क्या बात है जो वह कहीं टिकते नहीं हैं। लाखों का टेंट और इतना पैसा कहां से लाते हैं, इसकी जांच हो। नीतीश सरकार के कैबिनेट में दो वर्ष के लिए उन्हें योजना मंत्री बनाया गया था। मंत्री थे बिहार के और काम कर रहे थे आंध्र प्रदेश में तो इसका यही हाल है। बोलते कुछ हैं करते कुछ हैं। न इनका मन साफ है न नियत साफ है। सिर्फ और सिर्फ लोगों को बरगलाने और गुमराह करने में लगे हुए हैं। वहीं, हाल ही में बंगाल में भी किया ममता दीदी के साथ। उन्होंने कहा कि जब कहीं पूछ नहीं हो रहा है तो ये शुरू किया है, जितने लोग उसमें नजर आए, सबका हाल वही है, कुर्सियां तो खाली ही रह गईं।
बाढ़ ग्रस्त जिला घोषित करने की मांग
सांसद पप्पू यादव ने कहा, हम पिछले कई दिनों से सहरसा, दरभंगा और सुपौल जिले का बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। हर जगह के बाढ़ पीड़ितों तक सरकारी मदद पहुंचाने में सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह फेल है। तटबंध के भीतर लोगों का घर-बार कोसी में डूब गया। सारा सामान बह गया, लाखों का फसल क्षतिग्रस्त हो गया। लोग दाने-दाने के लिए तरस रहे हैं। लेकिन जिला प्रशासन उन तक सुखा राशन उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं।
इसलिए बाढ़ पीड़ितों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सभी विस्थापित परिवारों को घर बनाने के लिए दो-दो लाख रुपये उनके खाता में उपलब्ध कराए। फसल क्षतिपूर्ति का मुआवजा बाढ़ पीड़ितों को दिया जाए और कोसी एवं सीमांचल को बाढ़ ग्रस्त जिला घोषित किया जाए।