मधेपुरा में शराब की नशे में धुत पुलिस पदाधिकारी
मधेपुरा में शराबबंदी कानून लागू कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही इसके उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार हो गए। शराब पीकर सड़क पर बाइक समेत गिरने के मामले में निलंबित पुलिस पदाधिकारी देवेंद्र ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उनके शराब पीने की पुष्टि हुई। शुक्रवार को न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, मधेपुरा भेज दिया गया।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। देवेंद्र ठाकुर शहर के मेन रोड स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर के पास सड़क पर शराब के नशे में धुत थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वे बीच सड़क पर पेशाब कर रहे थे। उनसे बाइक भी संभल नहीं रही थी। वे अपनी बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसे स्टार्ट नहीं कर पा रहे थे। इसी दौरान वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई।
एसपी कार्यालय की ओर से शुक्रवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 नवंबर को सूचना मिली थी कि सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) देवेंद्र ठाकुर शराब पीकर नशे की हालत में बाजार में गिरे हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें अभिरक्षा में लिया और ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई। जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद मधेपुरा थाना में अप्राथमिकी कांड संख्या 50/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 दर्ज किया गया। देवेंद्र ठाकुर के खिलाफ शराब सेवन का यह पहला मामला नहीं है।
ये भी पढ़ें- बिहार: आवारा कुत्तों का आतंक, हफ्तेभर में 50 से 60 लोगों को काटा; अस्पताल में वैक्सीन खत्म होने पर हंगामा
इससे पहले मिठाई पुलिस शिविर में पदस्थापना के दौरान भी शराब पीने के आरोप में उनके विरुद्ध मधेपुरा थाना में अप्राथमिकी कांड संख्या 22/26, दिनांक 14 जुलाई 2026 दर्ज किया गया था। इस मामले के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी शुरू की गई थी, जो अभी जारी है।
इसके बावजूद दोबारा शराब सेवन के आरोप में पकड़े जाने के बाद पुलिस विभाग ने उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि वरीय पदाधिकारियों को कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।