घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर-पिपरा मुख्य मार्ग एनएच 106 पर बैरबन्ना गांव में मुस्लिम टोला के पास सोमवार की रात बाइक सवार मामा-भांजी को बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त बाइक में मिले साक्ष्य के अनुसार मृतकों की पहचान त्रिवेणीगंज मिरजवा निवासी शिवनारायण मेहता के बेटे संजय मेहता (35) और उसकी भांजी सुप्रिया कुमारी (10) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि संजय अपनी भांजी सुप्रिया का इलाज कराकर सहरसा से बाइक से घर लौट रहा था। इस बीच बैरबन्ना में उलटी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस के सामने सरपंच चंदन कुमार सहित आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग की कि यहां आए दिन घटना होती रहती है, इसलिए ब्रेकर बनाया जाए। साथ ही ग्रामीणों ने आरोपी के ट्रैक्टर को रोड पर खड़ा करके एनएच को जाम कर दिया है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक की डिक्की में मिले साक्ष्य के अनुसार मृतकों की पहचान की गई है। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल पर दोनों की मौत हो गई। वहीं, एनएच 106 को जाम कर ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।