वार्षिक सीनेट बैठक के दौरान प्रोफेसर विमलेंदु के साथ राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मधेपुरा के बीएन मंडल विश्वविद्यालय में सीनेट की वार्षिक बैठक मंगलवार को राज्यपाल सह कुलाधिपति राजेंद्र विश्ववनाथ आर्लेकर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 10.35 अरब रुपये बजट अनुमोदित किया गया। इसमें आंतरिक श्रोत से कुल अनुमानित आय एक अरब 83 करोड़ 76 लाख 39 हजार 181 रुपये है। जबकि सरकार से आठ अरब 51 करोड़ 92 लाख 41 हजार 806 रुपये अपेक्षित है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न विश्वविद्यालयों में सत्र विलंब है। छात्रों की पढ़ाई समय पर पूरी नहीं हो रही है। इसमें सुधार के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। जून से पहले सभी परीक्षाओं को नियमित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में अनुकंपा का मामला लंबित है। आठ दिनों के अंदर अनुकंपा की बैठकें होनी चाहिए और मामलों का निबटारा किया जाए। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के कार्यों में चुस्ती आनी चाहिए, अभी सुस्त हो चुके हैं। जब हम व्यवस्था में सुधार करेंगे, तब जाकर आने वाली पीढ़ी हमको दुआएं देगी।
राज्यपाल आर्लेकर ने कहा कि विश्वविद्यालयों में यूएमआईएस के निजी एजेंसियों द्वारा कुलपति को ब्लैकमेल किया जाता है। विश्वविद्यालय के छात्रों का सभी डाटा बाहर की एजेंसियों के पास होता है। जिस काम को विश्वविद्यालय अपना सॉप्टवेयर डेवलप कर एक करोड़ रुपये में कर सकता है, उसके लिए यूएमआईएस की निजी एजेंसियों द्वारा साढ़े 15 करोड़ रुपये विश्वविद्यालय से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों को अपना सॉप्टवेयर डेवलप करने का निर्देश दिया गया है, ताकि सभी डाटा विश्वविद्यालय के पास सुरक्षित रहे।
इस बैठक में मंच पर कुलाधिपति के साथ कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा, कुलाधिपति के प्रधान सचिव आरएल चोंग्थू, बीएनएमयू के कुलसचिव प्रो. मिहिर कुमार ठाकुर मौजूद रहे। वहीं, सीनेट की बैठक में एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. अजय सिंह, विधायक चंद्रहास चौपाल, विधायक निरंजन मेहता सहित अन्य सीनेटर मौजूद थे।