बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय किसान की मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
खेत में मूंग की फसल देखने गया था किसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनिया गांव निवासी हीरा यादव गांव में ही मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के वक्त वह खेत में लगी मूंग की फसल देखने गया हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ हुए वज्रपात की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक पल में उजड़ गया परिवार, पीछे छूटा मासूम बेटा
परिजनों ने बताया कि हीरा यादव की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उनका एक 3 वर्षीय बेटा है। हीरा अपने तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। उसकी असमय मौत से पत्नी और बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:
हर पंचायत में नियुक्त होंगे क्लर्क, 8054 राजस्व कर्मचारियों की बहाली के लिए BSSC को भेजा गया प्रस्ताव
पुलिस ने कराई पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
सौर बाजार थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत हुई है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।