अपनी सीनियर IPS अधिकारी की गालीबाजी से तंग आकर ट्रांसफर मांगने पर चार महीने से वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रहे IPS विकास वैभव को सोमवार को पदस्थापना मिली और मंगलवार को IAS केके पाठक का विवाद सामने आ गया। जिस समय IPS विकास वैभव और उनके साथ रहे DIG विनोद कुमार गालीबाजी से परेशान थे, तभी पाठक का भी गालीबाजी के दो वीडियो वायरल हुए थे। अब IAS पाठक का ताजा विवाद शिक्षा मंत्री ने पीत पत्र से जगजाहिर किया तो जदयू कोटे से नए-नवेले मंत्री बने रत्नेश सदा ने भी मुंह खोल दिया। कसकर बोल दिया। बात बढ़ी तो राजद विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पाठक को हटाए जाने की मांग करते हुए शिक्षा मंत्री को प्रताड़ित किए जाने की बात कह दी। मौका देख भाजपा भी इस विवाद में कूद गई है।
बिहार सरकार के मंत्री भी खफा
बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि केके पाठक दलित विरोधी है। वह सामंती विचारधारा के लोग हैं और शिक्षा विभाग में आने के बाद अपने विचारधारा को लागू करना चाहते हैं। यही कारण है कि महादलित टोले के शिक्षक जो महादलित के बच्चे को पढ़ाते हैं उसको लेकर नया गाइडलाइन जारी कर उनके वेतन में कटौती के आदेश जारी कर दिया। यह काफी गलत है। उन्होंने कहा कि नब्बे प्रतिशत अगर बच्चे की उपस्थिति नही रहेगी तो महादलित टोले के शिक्षक का वेतन काटा जाएगा। यह फरमान कहीं से उचित नहीं है।