खगड़िया जिले के सदर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय नवटोलिया रसौक में एमडीएम का भोजन खाने से 12 से अधिक बच्चे बेहोश हो गए। ये खबर आग की तरह गांव में फैल गई। अपने बच्चों की ये दशा होने की खबर मिलते ही बच्चों के माता-पिता और ग्रामीण स्कूल की तरफ भागे चले आए। आनन-फानन में गंभीर स्थिति में 12 बच्चों को खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अभी वो इलाजरत हैं। वहीं, सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष बच्चों की सुध लेने सदर अस्पताल पहुंच गए।
विद्यालय के हेड मास्टर गणेश मंडल ने बताया, साढ़े इग्यारह बजे बच्चों को एमडीएम दिया गया था। खाना खाने के बाद दूसरी कक्षा की प्रिया नाम की बच्ची उनके पास खाने का प्लेट लेकर आई। बच्ची के प्लेट में वास्तव में कीड़ा था। उन्होंने बताया कि खाना खाने के बाद बच्चे घर जाने के दौरान उल्टी कर बेहोश हो गए। तीन गंभीर रूप से बीमार बच्चों को सदर अस्पताल खगड़िया इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं, बच्चों की सेहत बिगड़ने की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ स्कूल पर उमड़ पड़ी। एक बच्ची के मां ने स्कूल पर अपने बच्चे को जहर खिलाने का आरोप लगाया है।
एमडीएम भोजन के जांच की उठी मांग...
जिले के अधिकांश स्कूल में एमडीएम का भोजन एनजीओ के द्वारा ही आपूर्ति कराया जाता है। लेकिन बच्चों के बीमार होने की खबर सिर्फ इसी स्कूल से आई है। वहीं, लोगों ने एनजीओ के द्वारा दिए जा रहे खाने की शुद्धता पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से जांच की मांग उठाई है।