जेएनयू में देशविरोधी नारेबाजी और छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी पर अब वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा ने भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
शत्रुघ्न ने ट्वीट कर कन्हैया कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि, कन्हैया का पूरा भाषण सुनने के बाद मुझे नहीं लगता हमारे बिहारी लड़के कन्हैया कुमार ने कुछ भी देश विरोधी और संविधान के विरुद्ध कहा है। शत्रुघ्न ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उसे रिहा कर दिया जाएगा।
शत्रु यहीं नहीं रुके उन्होंने जेएनयू की आलोचना करने वालों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कभी अच्छे नेताओं के लिए जाना जाने वाला जेएनयू अब इस संकट से गुजर रहा है। अंतरराष्ट्रीय छवि वाले जेएनयू का शानदार रिकार्ड और इतिहास रहा है।