जेएनयू के पूर्व छात्र शरजिल इमाम के भारत के टुकड़े-टुकड़े वाले बयान के बाद उसे गिरफ्तार करने के लिए बिहार स्थित पैतृक घर पर पुलिस ने छापेमारी की। जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार ने बताया कि काको थानाक्षेत्र में पड़ने वाले इमाम के घर पर रविवार की रात छापे मारे गए। उन्होंने बताया कि जेएनयू शोधार्थी के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसियों की तरफ से मदद मांगे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं शरजील के पिता
शरजील के दिवंगत पिता अकबर इमाम स्थानीय जदयू नेता थे, जिन्होंने अपने जीवनकाल में विधानसभा चुनाव भी लड़ा था पर हार गए थे। पिता अकबर इमाम एक बार जेडीयू के टिकट पर जहानाबाद से विधान सभा का चुनाव भी लड़ चुके थे। हालांकि आरजेडी के सच्चिदानंद यादव से हार गए थे।
एसपी ने बताया कि इमाम अपने घर पर नहीं मिला लेकिन पूछताछ के लिए उसके दो रिश्तेदारों और उनके चालकों को हिरासत में लिया गया और बाद में छोड़ दिया गया।
आईआईटी मुंबई से स्नातक है शरजील
आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस में स्नातक, शरजील इमाम जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर हिस्टोरिकल स्टडीज से शोध करने के लिए दिल्ली आया था। शरजील के कथित भड़काऊ भाषणों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके खिलाफ राजद्रोह के आरोप लगाए गए हैं। इन भाषणों में उसे सीएए के मद्देनजर असम को भारत से अलग करने के बारे में बोलते हुए सुना जा सकता है।
इससे पहले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में दिए गए भाषण को लेकर इसी आरोप में अलीगढ़ के थाने में शरजील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा, असम में शरजील के खिलाफ सख्त आतंकवाद विरोधी कानून यूएपीए के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
वह नौजवान है, कोई चोर या पॉकेटमार नहीं: शरजील की मां
घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए शरजील की परेशान मां अफशान रहीम ने मीडिया से कहा, 'मेरा बेटा निर्दोष है। उसने एनआरसी को लेकर परेशानी को देखते हुए चक्का जाम की बात कही होगी जिससे शायद सरकार पर असर पड़े। वह नौजवान है, कोई चोर या पॉकेटमार नहीं। मैं खुदा की कसम खा कर कहती हूं कि मुझे नहीं पता कि वह कहां है। लेकिन मैं गारंटी देती हूं कि मामलों की जानकारी होने पर वह जांच एजेंसियों के सामने पेश होगा और जांच में पूरी तरह सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह अपने बेटे से नहीं मिली हैं लेकिन कुछ हफ्ते पहले उनकी फोन पर बातचीत हुई थी। रहीम ने कहा, 'वह सीएए और देश में एनआरसी लागू होने के भय से परेशान था। उसने कहा था कि इससे मुस्लिम ही नहीं बल्कि सभी गरीब लोग परेशान होंगे।'
मणिपुर में शरजील इमाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
वहीं शरजील इमाम के खिलाफ मणिपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि इमाम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (भारतीय दंड संहिता) की धारा 121 ए (भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश), 124 ए (राजद्रोह), 120 बी (आपराधिक षड्यंत्र) और 153 के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 153 अशांति लाने की मंशा से विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच शत्रुता पैदा करने” से संबंधित है।