दादरी में गो मांस खाने के शक में अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति की बर्बर हत्या मामले के बिहार विधानसभा चुनाव में दस्तक देने से जदयू चिंतित है। इस मामले में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के हिंदुओं के बीफ खाने के दावे के बाद जदयू को चुनाव में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का डर सताने लगा है।
लालू के बयान को भाजपा भी अपने लिए बड़ा सियासी अवसर मान रही है। यही कारण है कि पार्टी ने इस बयान के बहाने महागठबंधन को घेरने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
दरअसल महागठबंधन में शामिल जदयू और राजद चुनाव में मुद्दे की गाड़ी का विकास की जगह जाति की पटरी पकड़ लेने से राहत का अनुभव कर रही थी।
महागठबंधन के लिए मुश्किल यह है कि राजद जहां इस मुद्दे को भाजपा की ओर से तूल दिए जाने के बाद हमलावर मुद्रा में पलटवार कर रहा है, वहीं जदयू को इस बयान से सियासी नुकसान की आशंका सता रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले महागठबंधन में शामिल कांग्रेस राजद की ओर से चुनाव को अगड़ा बनाम पिछड़ा बताने से असहज कर दिया था।