मोकामा-गोपालगंज चुनाव को सत्ता-विपक्ष ने 1:1 से जीता था, क्योंकि दोनों की अपनी-अपनी सीट पर जीत पक्की थी। परीक्षा थी तो मुजफ्फरपुर की कुढ़नी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में। 05 दिसंबर को परीक्षा हुई, तब भी यह लग रहा था कि जो सामने वाले को जितनी बड़ी सेंध लगाएगा, उतनी आसानी से मुकाबला जीतेगा। भाजपा के वोटरों में वीआईपी ने बड़ी सेंध लगाई और महागठबंधन के वोटरों पर ओवैसी की पार्टी की सेंध अपेक्षाकृत बहुत छोटी रही, लेकिन जदयू को सेंध उसके अपने सहयोगी ने लगा दी। परिणाम ने साफ-साफ दिखा दिया कि राजद और जदयू के बीच दलों का गठबंधन तो हुआ है, दिलों का बिल्कुल नहीं। होता तो यह हाल कतई नहीं होता। पिछली बार से इस बार का वोट प्रतिशत थोड़ा कम होने के कारण भाजपा को नुकसान की बात कही जा रही थी, लेकिन असल में हुआ कुछ और। राजद के वोटरों ने जदयू का साथ ही नहीं दिया।
भाजपा को सबक के साथ मिली मनोबल बढ़ाने वाली जीत
जदयू को चिंता के साथ मिली परेशान करने वाली हार
नीतीश कुमार के जनता दल यूनाईटेड ने कुढ़नी सीट के उप चुनाव में कम ताकत नहीं झोंकी थी। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने पिता के साथ सिंगापुर जाने का प्रोग्राम इस चुनाव प्रचार को पूरा करने के बाद का रखा। नीतीश-तेजस्वी की सभाओं के बावजूद परिणाम साफ-साफ दिखा रहा है कि जदयू को राजद का वोट नहीं के बराबर मिला। यह हार जदयू के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि अपनी तरफ से उसने भी कोई कसर नहीं छोड़ी थी। राजद की ओर से तेजस्वी यादव स्टार प्रचारक के रूप में नहीं होने के बावजूद प्रचार के लिए न केवल गए, बल्कि लालू प्रसाद की ओर से भावनात्मक अपील भी की। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ इस बार जदयू के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बने राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के लिए भी यह चिंता का विषय है। जदयू को राजद का साथ नहीं मिलने की चिंता तो होगी ही, हासिल वोटों की संख्या के कारण परेशानी भी होगी।
भाजपा के केदार प्रसाद गुप्ता को मिले वोट- 76722
महागठबंधन के मनोज कु. सिंह को मिले वोट- 73073
वीआईपी के नीलाभ कुमार को मिले वोट- 10000
एआईएमआईएम के गुलाम मुर्तजा को मिले वोट- 3206