दिल्ली में होने वाली अधिकार रैली को सफल बनाने के लिये जनता दल यूनाइटेड (जदयू) तेजी से जुट गया है। बिहार सरकार के मंत्री इन दिनों दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में अप्रवासी बिहारियों को रैली के लिये आमंत्रित कर रहे हैं। उधर, अधिकतर विधायकों ने दिल्ली आने के लिये टिकट भी बुक करा लिये हैं।
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिये हो रही यह रैली रामलीला मैदान में आयोजित होगी। ग्रामीण कार्य व पंचायती राजमंत्री डॉ. भीम सिंह और लघु जल संसाधन मंत्री अवधेश प्रसाद कुशवाहा दिल्ली में प्रस्तावित रैली को लेकर अप्रवासी बिहारियों के बीच बैठक और सभाएं कर रहे हैं। पार्टी के हर प्रकोष्ठ के नेता दिल्ली में कैंप भी कर रहे हैं।
इसके अलावा ज्यादातर विधायकों ने मार्च में आयोजित होने वाली इस रैली में शामिल होने के लिये दिल्ली के लिये टिकट भी बुक करा लिये हैं। इस कारण पटना सहित बिहार के प्रमुख शहरों से दिल्ली आनेवाली ट्रेनों में प्रतीक्षासूची तक बन गई है।