लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने प्रधानमंत्री पद को लेकर नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कुंभ में कितनी भी डुबकी लगा लें, वे सात जन्म में प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। नीतीश कुमार तो गफलत में हैं। उनके नाम का कोई प्रस्तावक तक नहीं है।
रामविलास पासवान ने ये बातें संवाददाताओं से शुक्रवार को बातचीत में कहीं। मोदी और नीतीश की उम्मीदवारी को खारिज करते हुये उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में अगली सरकार सेक्यूलर फ्रंट की ही बनेगी और उसमें कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कांग्रेस में राहुल गांधी के नाम पर किसी को आपत्ति नहीं है।
लोजपा प्रमुख ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से मिलकर कहा है कि चुनाव सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एक साथ लड़ना चाहिये। ऐसा होना राष्ट्रीय हित के साथ-साथ धर्मनिरपेक्ष ताकतों के पक्ष में भी है। पासवान ने कुंभ में हो रही राजनीति को लेकर कहा कि यह नहीं होना चाहिये। अगर ऐसा होने लगा तो अगले कुंभ में सभी संत अलग-अलग दल का बैच व झंडा लेकर कुंभ में पहुंचेंगे।
लोजपा सुप्रीमो ने अपनी बिहार बचाओ यात्रा के अगले चरण की जानकारी भी दी। नौ फरवरी को वह किशनगंज से अपनी यात्रा शुरू करेंगे, 10 को पूर्णिया, 11 को अररिया, 12 को सुपौल, 22 को हाजीपुर, 23 को छपरा, 24 को सीवान व 25 को गोपालगंज में उनकी सभा होगी।