पटना एयरपोर्ट पर गृह मंत्री का स्वागत करते प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा और सासाराम में दो गुटों के बीच संघर्ष के कारण केंद्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम एक-एक कर लगातार कैंसिल हो रहा है। शनिवार को उनके पटना पहुंचने से पहले भाजपा ने सासाराम की उनकी रैली को कैंसिल करने की घोषणा की। शाम में नालंदा में लगातार दूसरे दिन हिंसक घटना में एक की मौत और एक धार्मिक स्थल में आगजनी की घटना के बाद कर्फ्यू लगाने की खबर आई तो गृह मंत्री का पटना में होने वाला कार्यक्रम रद्द करने की घोषणा हुई। रात साढ़े 10 बजे तक नवादा के जिलाधिकारी तक रविवार को गृह मंत्री के कार्यक्रम के रद्द होने की सूचना नहीं पहुंची है, हालांकि माना जा रहा है कि नालंदा से सटे इस जिले का भी कार्यक्रम इस हालत में कभी भी कैंसिल हो सकता है।
एसएसबी का प्रतीक्षित इवेंट हुआ कैंसिल
रविवार को पटना के दीघा स्थित घुड़दौड़ रोड में गृह मंत्री अमित शाह एक सरकारी कार्यक्रम में भाग लेने वाले थे। उन्हें सशस्त्र सीमा बल, सीमांत पटना के भवन निर्माण हेतु भूमि-पूजन में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहना था। बहुप्रतीक्षित इसी कार्यक्रम के दौरान उन्हें नौ नवनिर्मित प्रतिष्ठानों का वर्चुअल लोकार्पण भी करना था। इनमें आठ बाह्य सीमाचौकियों और एक वाहिनी के नवनिर्मित भवन हैं। रविवार को होने वाले एसएसबी के इन्हीं कार्यक्रमों को रद्द करने की सूचना भारत सरकार की ओर से दी गई।
नवादा को लेकर भाजपा में भी असमंजस
शनिवार देर रात तक गृह मंत्री अमित शाह भाजपा नेताओं से लगातार मिलते रहे। होटल में इन्हीं मुलाकातों के दरम्यान एसएसबी के कार्यक्रमों के रद्द होने की सूचना भी भाजपा नेताओं तक पहुंची। सासाराम और पटना का कार्यक्रम रद्द होने के बाद नवादा में रविवार को प्रस्तावित राजनीतिक इवेंट को लेकर नेताओं को जानना था। देर रात तक न तो भाजपा की ओर से नवादा को लेकर कोई जानकारी दी गई और न नवादा डीएम ने इसकी औपचारिक घोषणा की। नवादा में केंद्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम का शिड्यूल पहुंचता रहा। ऐसे में भाजपा नेताओं ने कहा कि नालंदा और सासाराम के तनाव को देखते हुए अब रविवार सुबह आठ बजे तक देखा जाएगा कि क्या करना है। नवादा में स्थिति ठीक है, लेकिन यह नालंदा से बिल्कुल सटा जिला है। ऐसे में बिहार पुलिस केंद्रीय मंत्रियों की आवाजाही को लेकर कोई सलाह देती है तो उसपर विचार कर फैसला लिया जाएगा।