रंगदारी मांगने का आरोपी सावन कुमार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया में चूड़ा-चावल व्यवसायी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले बदमाश को पुलिस ने शनिवार को गया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, बेतिया के नरकटियागंज नगर के पुरानी बाजार वार्ड तीन निवासी विनोद जायसवाल से 22 मार्च को रंगदारी तब मांगी गई जब वह किसी काम से रक्सौल से बीरगंज नेपाल जा रहे थे। बदमाश ने व्हाट्सएप कॉल कर रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी के बेटे को गोली मारने की धमकी दी थी।
जानकारी के मुताबिक, चूड़ा-चावल व्यवसायी विनोद जायसवाल के पास 22 मार्च को एक व्हाट्सएप कॉल आया था। उसमें एक बदमाश ने रंगदारी मांगी थी। साथ ही धमकी देते हुए कहा था कि अगर दो दिने के अंदर रंगदारी में एक करोड़ रुपये नहीं दिए तो जिम जाने वाले उसके बेटे को गोली मार दी जाएगी। उसके बाद मामले में व्यवसायी ने शिकारपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर के आधार पर सावन कुमार नामक युवक को गया जिले से गिरफ्तार किया है। वह नगर के पुरानी बाजार धोबी टोला में अपने मामा के घर रहता है।
थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी सावन की गिरफ्तारी की गई है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उसने अपने कई साथियों के नाम का खुलासा भी किया है। हालांकि थानाध्यक्ष ने खुलासे से परहेज करते हुए कहा कि शीघ्र ही रंगदारी मामले में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।