बिहार के सीतामढ़ी में एक लड़की ने जब सही वक्त पर शादी करने की बात की तो लड़के ने उस पर चाकू से कई वार कर जख्मी कर दिया। गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के हरिबेला गांव का है। जहां एक सिरफिरे युवक चंदन कुमार ने तुरंत शादी न करके सही उम्र में करने की बात पर लड़की को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लड़की के चिल्लाने पर सिरफिरा वहां से फरार हो गया। इस दौरान दर्द से छटपटा रही लड़की की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इस बीच पास से गुजर रहे पूर्व एमएलसी राजकिशोर सिंह कुशवाहा ने उसे अपनी गाड़ी से इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। लड़की की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
चिकित्सक वरुण कुमार ने बताया कि लड़की के पेट में पांच, छाती में एक और जांघ में एक सहित शरीर पर 12 से अधिक जगह चाकू से वार कर जख्म दिए गए हैं। काफी देर ऑपरेशन करने के बाद खून रोकने की कोशिश चल रही है। कई जगह अभी भी खून निकल रहा है।
पीड़िता ने बताया कि उसका चंदन के साथ अफेयर है। अक्सर वह शादी के लिए जिद करता है। लेकिन मेरी अभी उम्र नहीं हुई है शादी की। मम्मी भी बोलीं कि उम्र हो जाएगी तो शादी कर लेना। उसने बताया कि सोमवार की शाम वह दुकान से समान लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान उसके गांव के ही चंदन नामक युवक ने उसे अकेला पाकर रोक लिया। फिर शादी के लिए जिद करने लगा। जब लड़की ने जल्द शादी से इनकार किया तो युवक चाकू निकालकर वार करने लगा।
बथनाहा थानेदार अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी युवक अपने परिजनों समेत फरार है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी चंदन बीते चार-पांच सालों से पीड़ित लड़की के पीछे पड़ा था। परिजनों को मालूम होने पर ग्रामीण स्तर पर पंचायती कर लड़के को अलग रहने की चेतावनी दी गई थी। उसके बाद प्रेमी ने प्रेमिका के खींचे गए कुछ फोटो और वीडियो को बीते छह महीने पहले सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। उसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में मामले को लेकर आवेदन भी दिया था। लेकिन स्थानीय स्तर पर पंचायत कर मामले को सुलझा लिया गया। हालांकि इस घटना के बाद भी सिरफिरे युवक ने लड़की का पीछा नहीं छोड़ा। लगातार उसे शादी करने के लिए दवाब बनाने लगा। लड़की ने जब शादी के लिए रुकने को कहा तो युवक ने उसे चाकू से गोद कर जख्मी कर दिया।