राजद सुप्रीमो ने कहा कि मैं डरने वाला नहीं हूं। मेरा तो परेशानी के नक्षत्र में ही जन्म हुआ है। हमें लोगों की संतुष्टि के लिए काम करना है। मुझे अब कोई लोभ नहीं। पटना के संवाद कक्ष में गंगा पर बने दो महासेतु के उदघाटन के मौके पर बोलते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार की मदद से ही जिन लोगों ने बिहार में सत्ता का स्वाद चखा था वे तरह-तरह की बाते करते रहते हैं। पूछते रहते हैं कि नीतीश से संबंध ठीक है न। नीतीश इधर-उधर तो नहीं जा रहे। मैं कहता हूं कि बात प्रतिबद्धता की है। कितनी सफाई दी जाये कि कहीं कुछ नहीं है। अच्छा करते हैं नीतीश कुमार कि चुप्पी साध लेते हैं। चुप्पी साधने वाला ही जीतता है।
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री सह पथ निर्माणमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने पिता राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर रविवार को गंगा पर बने दो महासेतु को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों लोकार्पित कराया। नीतीश कुमार ने पटना के संवाद भवन में पटना(दीघा) से सोनपुर(पहलेजा) को जोडऩे वाले जेपी पुल के उद्घाटन के अलावा आरा से छपरा को जोडऩे वाले वीर कुंवर सिंह पुल का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर नीतीश कुमार ने कहा कि दीघा-सोनपुर सड़क पुल लाने में लालू प्रसाद का बड़ा योगदान है। लोकार्पण की तारीख को लेकर भाजपा द्वारा उठाये गये सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि करते रहिए तकरार में यकीन, हम डाइवर्ट होने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि जिसके लिए बिहार में काम हो रहा उन्हें यह पता है कि काम चल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि वैसे ज्यादा जवाब देने से सवाल उठाने वाले का महत्व बढ़ता है। उन्होंने कहा कि एनएच की हालत ठीक नहीं पर उसकी मरम्मत के लिए केंद्र से पैसा नहीं मिलता। चुनाव के पहले जिस पैकेज व विशेष राज्य के दर्जा पर बात की गयी उस पर अमल होना चाहिए।