नवादा के सदर अस्पताल में उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ लोग जिंदा सांप लेकर वहां पहुंच गए। उसके बाद वहां हड़कंप सा मच गया। सदर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अभी कुछ समझ पाते, तभी लोगों ने बताया कि जहरीले सांप के डसने से एक दारोगा बेहोश हो गए हैं। उसके बाद जिंदा जहरीले सांप को साथ लेकर थाने में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने एसआई संजीव कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल दारोगा की पहचान संजीव कुमार के रूप में की गई है जो वर्तमान में जिले के मेसकौर थाने में पदस्थापित हैं।
जानकारी के मुताबिक, एसआई संजीव कुमार रात में ड्यूटी कर सोने जा रहे थे, तभी उनके बिस्तर पर रहे एक सांप ने अचानक से संजीव कुमार के पैर में डंस लिया। उसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने मौके पर सांप को भी जिंदा पकड़ कर लिया और उसे एक डब्बे में बंद कर अस्पताल ले गए। इससे अस्पताल में तैनात चिकित्सक को इलाज करने में सहूलियत हुई। फिलहाल एसआई संजीव कुमार का इलाज सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक द्वारा जारी है। चिकित्सक का कहना है कि वह खतरे से बाहर हैं, जल्द ही उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।