दुर्घटनाग्रस्त बाइक और मौके पर मौजूद स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नवादा में मोटरसाइकिल से स्टंट करते हुए रील बनाने के चक्कर में मोटरसाइकिल सवार ने एक सात साल के बालक को कुचल डाला। जिले के अकबरपुर-थाली रोड पर शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने एक बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क को जाम कर दिया। वहीं, आरोपी चालक मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया।
इधर, थाली थानाध्यक्ष विकास चंद्र यादव ने बताया कि अकबरपुर से थाली की ओर से तेज रफ्तार से जा रहे मोटरसाइकिल चालक ने दनियार गांव के कारु मांझी के पोते को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। चालक मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
उन्होंने बताया कि इस घटना से नाराज परिजनों ने रोड जाम कर दिया। थानाध्यक्ष के समझाने-बुझाने पर जाम को हटा लिया गया। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने लाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। मृतक बालक की पहचान चंदा मांझी के बेटे काशी मांझी के तौर पर हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चा अपने परिवार और पिता के साथ ईंट भट्ठा पर से काम करके लौट रहा था। इसी दौरान अकबरपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल ने बच्चे को रौंद दिया। मृतक के पिता ने बताया कि जब वह काम करके घर वापस आने के लिए गाड़ी से उतरे तो ये देखा कि बाइक वाले मोबाइल फोन से वीडियो बनाते हुए स्टंट कर रहे थे। दूसरा बाइक वाला उसका वीडियो बना रहा था, जिससे उनका नियंत्रण खो गया और मेरे बेटे पर अपनी बाइक चढ़ा दी। उसके बाद आनन-फानन में बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी अकबरपुर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में ही बालक ने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि पथ के चौड़ीकरण के बाद दुर्घटना में काफी वृद्धि हुई है। कई बाइक सवार स्टंट करने के चक्कर में कई लोगों को चोटिल कर चुके हैं। आज उसी बाइक स्टंट ने एक नन्हे बालक की जान ले ली।