नबीनगर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद प्रियंका सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के औरंगाबाद के नबीनगर में बहुचर्चित छात्रा हत्याकांड के बाद नबीनगर नगर पंचायत प्रशासन ने इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न होने देने के मद्देनजर अहम फैसला लिया है। नगर पंचायत प्रशासन ने नबीनगर शहरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। यह कार्य शीघ्र किया जाएगा।
नबीनगर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद प्रियंका सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र के सभी चौक-चौराहों, हाट-बाजार, मुख्य सड़क, बस स्टैंड और शिक्षण संस्थाओं आदि प्रमुख सार्वजनिक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नबीनगर शहरी क्षेत्र में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लग जाने से किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही उसका खुलासा करने में भी सहायता होगी। उन्होंने बताया कि नबीनगर नगर पंचायत अपने तहत शहरी क्षेत्र में नागरिकों को सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है।