गया जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अलीपुर थाना क्षेत्र के इटहोरी गांव के पास बहने वाली एक नदी से एक महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। महिला का सिर, हाथ और पैर गायब होने के कारण मामला और भी रहस्यमय बन गया है। क्षत-विक्षत हालत में मिले शव को देखकर ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी अलीपुर थाना अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने इटहोरी गांव स्थित डाक बाबा के पास नदी में एक शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, मोबाइल लूट के प्रयास में बदमाशों ने खींचा था; हादसे से मचा कोहराम
शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत था। न सिर्फ सिर, बल्कि हाथ और पैर के कुछ हिस्से भी गायब थे, जिससे घटना किसी जघन्य हत्या या शव के साथ क्रूरता की ओर इशारा कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वॉड को घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने नदी के आसपास शव के अन्य हिस्सों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
पुलिस अब शव की शिनाख्त के लिए क्षेत्र में लापता महिलाओं की रिपोर्ट खंगाल रही है। वहीं DNA जांच के जरिए शव की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करके शव को नदी में फेंका गया है, जिससे पहचान न हो सके।
घटना के बाद गांव में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, कोई इसे अंधविश्वास से जुड़ी घटना बता रहा है, तो कोई व्यक्तिगत रंजिश या क्रूर अपराध की आशंका जता रहा है। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पटना के इस होटल में हो रहा था गंदा काम, पुलिस ने छह महिलाओं को मुक्त करवाया; जानिए पूरा मामला
अलीपुर थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि घटना बेहद संवेदनशील है। फॉरेंसिक टीम से लेकर डॉग स्क्वॉड तक को लगाया गया है। शव की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।