लाजपा आर सांसद अरुण भारती तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
जहानाबाद में शुक्रवार को लोजपा रामविलास के सांसद अरुण भारती ने कोलकाता दुष्कर्म हत्या कांड की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए चिकित्सकों को सुरक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में ‘धरती का भगवान’ कहे जाने वाले चिकित्सक सुरक्षित नहीं हैं, वहां की आम जनता का क्या हाल है? यह सोचा जा सकता है।
इस दौरान सांसद ने जोर देते हुए कहा कि एक तरफ जहां बंगाल में हिंदू समाज को लक्ष्य कर हमला किया जा रहा है। वहीं राज्य की सरकार चुप्पी साधे बैठी हुई है। बंगाल सीएम ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए सांसद ने मांग की कि इस मुद्दे पर बंगाल सरकार को कड़ा कार्रवाई करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बंगाल में बाहरी तत्व सरकार पर हावी हो रही है।
वहीं, पांच दिन पूर्व जहानाबाद के शकूराबाद में घटे दो वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले को लेकर जमुई सांसद अरुण भारती और समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर लोजपा रामविलास की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि यह बहुत ही हृदय विदारक घटना है। लोजपा रामविलास की पांच सदस्यीय टीम ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की है।
उन्होंने बताया कि जिस तरह से आरोपी ने जघन्य अपराध की घटना को अंजाम दिया है और आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। आरोपी द्वारा अभी भी पीड़ित परिवार को धमकी दी जा रही है। लोजपा रामविलास की जांच टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है, जो जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपकर पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने का काम करेगी। वहीं, उन्होंने कहा कि इस पर सरकार को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।