राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 पर औरंगाबाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बिजौली मोड़ के पास शनिवार को एक अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार दंपती को रौंद डाला। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसके पति को हल्की चोटें आई हैं।
मृतका की पहचान औरंगाबाद शहर के वार्ड-7 कर्मा रोड रामराज नगर निवासी शांति देवी (60) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रामप्रवेश साहू अपनी पत्नी शांति देवी के साथ बाइक से पूजा करने अम्बा के सतबहिनी मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान बिजौली मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास हरिहरगंज की ओर से आ रहे अनियंत्रित हाइवा ने ओवरटेक करते समय जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पत्नी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल पति रामप्रवेश साहू ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ घर से बाइक से दर्शन-पूजन के लिए अंबा स्थित सतबहिनी मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान यह दुखद घटना घटी। हादसे में रामप्रवेश साहू को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हाइवा चालक की तलाश में लगी है। वहीं, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और प्रशासन को इस पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।