बिहार के अति नक्सल प्रभावित औरंगाबाद जिले में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल ने संयुक्त अभियान में एक बार फिर से नक्सलियों के विध्वंसक मंसूबों पर पानी फेर दिया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 205 कोबरा बटालियन और मदनपुर थाना पुलिस टीम ने संयुक्त ऑपरेशन में शक्तिशाली आईईडी बम बरामद किए हैं। बरामद बमों को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
औरंगाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर-2 अमित कुमार ने बताया कि कोबरा और पुलिस के संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान में अति नक्सल प्रभावित मदनपुर थाना के सुदूरवर्ती पचरुखिया, राजाबांध और धोबीझगड़ा के दुर्गम जंगली-पहाड़ी इलाके से क्रमशः तीन और छः किलो वजन के दो शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बम बरामद किए गए, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाए रखने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। अभियान में पुलिस को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। अभियान से नक्सलियों का मनोबल काफी गिरा हुआ है।