मजदूरों को लेकर श्रमिक विशेष ट्रेन बिहार पहुंची
- फोटो : ANI
जयपुर से 1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर श्रमिक विशेष ट्रेन बिहार के दानापुर रेलवे स्टेशन, पटना पहुंच गई है। पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया कि स्टेशन के पास में रेलवे स्कूल है, इन लोगों को वहां ले जाया जाएगा और वहीं पर मेडिकल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। हम यहां इनका रजिस्ट्रेशन कराएंगे और बसों के माध्यम से संबंधित जिलों में भेजा जाएगा।
रेलवे के अधिकारी ने बताया कि 24 कोच वाली ट्रेन शुक्रवार को जयपुर से 10 बजे रवाना हुई और दोपहर दो बजे के आसपास दानापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के दानापुर स्टेशन पर पहुंचते ही प्रशासनिक टीम एक्शन में आ गई है।
दानापुर स्टेशन पर सुबह से ही मेडिकल की 20 टीमें मौजूद थीं। जो भी लोग ट्रेन से दानापुर पहुंचे हैं उनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। संदिग्ध लोगों के लिए स्पेशल तैयारी की गई है। उन्हें रोक कर आइसोलेट कर दिया जाएगा।
जो भी लोग बाहर से आ रहे हैं उन्हें क्वारंटीन सेंटर के साथ-साथ घर में 21 दिनों के लिए क्वारंटीन रहना होगा। दूसरे राज्यों से पटना पहुंचने वाले मजदूरों को उनके जिलों तक पहुंचाने के लिए दानापुर जंक्शन पर 100 बसें मौजूद हैं।
सभी मजदूरों की स्क्रीनिंग करने के बाद ही उनके जिला मुख्यालयों तक भेजा जाएगा। वहां से संबंधित जिला प्रशासन की जिम्मेदारी होगी कि लोगों को उनके प्रखंडों में बने क्वारंटीन सेंटर तक पहुंचाया जाए। पटना डिवीजनल कमिश्नर संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा।