देशभर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बिहार में भी कोविड-19 के मामलों में तेजी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को बिहार में कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आए। चारों ही मामले राज्य के सीतामढ़ी जिले से सामने आए। बिहार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने इस बात की जानकारी दी है।
बिहार में अब तक कोरोना से 407 लोग संक्रमित हो चुके हैं और दो की मौत हुई है। बुधवार को राज्य में कोरोना के 97 नए मामले सामने आए थे। बिहार के 38 जिलों में से 29 जिले कोरोना प्रभावित हैं।
अब तक मुंगेर में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं तो वहीं नालंदा, पटना, सीवान, बक्सर, रोहतास, कैमूर, गोपालगंज, बेगूसराय, गया, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, अरवल, नवादा, सारण, औरंगाबाद, भोजपुर, वैशाली, बांका, लखीसराय, मधेपुरा, जहानाबाद, दरभंगा आदि जिलों में भी कोरोना के मरीज मिल रहे हैं।
कोरोना प्रभावित जिलों में डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने कुछ जिलों में कोविड-19 को लेकर लोगों की स्क्रीनिंग करने के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाया है, इसमें वे जिले शामिल हैं, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग से इन जिलों में अधिक मामलों की पहचान हुई।
बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1718 नए मामले सामने आए हैं और 67 लोगों की मौत हो गई है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 33,050 हो गई है, जिसमें 23,651 सक्रिय हैं, 8,325 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1074 लोगों की मौत हो चुकी है।