लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान ने खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश (एफडीआई) का समर्थन करते हुए कहा कि आम लोगों, किसानों और उत्पादकों को एफडीआई से कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने कहा कि लोजपा इसका समर्थन करते हुए केंद्र से मांग करती है कि वह छोटे दुकानदारों के हितों को सुनिश्चित करे।
रामविलास पासवान दिल्ली में पार्टी के बारहवें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भाजपा पर आरोप लगाते हुए वह बोले कि भाजपा एफडीआई के लिए राजनीति कारणों से मुश्किलें खड़ी कर रही है। वह खुद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए एफडीआई के मामले को तूल दे रही है।
इसके अतिरिक्त लोजपा प्रमुख ने कहा कि लोजपा के एजेंडा में दलितों का हित हमेशा सबसे ऊपर होता है। इस समुदाय पर सदियों से जुल्म होता रहा है, जो आज भी जारी है। लोजपा रंगनाथ मिश्र आयोग की सिफारिशों को लागू करने करने की मांग करती है। साथ ही उन्होंने संसद के इसी सत्र में पदोन्नति में आरक्षण का बिल पास करने और निज क्षेत्रों में आरक्षण लागू करने की मांग भी की।