लोगों से ठगी करने वाला फर्जी बैंक अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में पंजाब नेशनल बैंक का फर्जी अधिकारी गिरफ्तार किया गया है। उस पर बैंक में नौकरी दिलाने, लोन सेटेलमेंट और लोन देने सहित विभिन्न मामलों में ठगी करने का आरोप है। इस दौरान उसके पास से कई अहम दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दरअसल, बेगूसराय में एक शख्स पंजाब नेशनल बैंक का आईडी कार्ड बनाकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था। यह लोगों को ठगने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाता था। इसके काले कारनामों का खुलासा हुआ तो लोगों ने इस फर्जी अधिकारी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह मामला नगर थाना क्षेत्र के काली स्थान मंदिर के पास का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जिले में एक युवक खुद को पंजाब नेशनल बैंक का चीफ मैनेजर बताकर लोगों से लोन दिलाने के नाम पर मोटी रकम लेकर फरार हो जाता था। इतना ही नहीं कभी-कभी यह खुद को सीनियर ऑफिसर बताकर जिले के अलग-अलग ब्रांच में जाकर जांच भी करने पहुंच जाता था। बैंक का सारा डाटा लेकर के उन लोगों के पास पहुंच जाता था जिनका ज्यादा लोन होता था। फिर लोन कम करने की बात करके उन लोगों से मोटी रकम ठग लेता था। जब इस बात की भनक बेगूसराय पंजाब नेशनल के हेड ब्रांच मैनेजर को लगी तो इसकी जांच पड़ताल शुरू की गई।
फर्जी पहचान पत्र
बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने ब्रांच मैनेजर को फोन करके कहा कि कोई आपके ब्रांच से अधिकारी आए थे। आप ने किसी को भेजा है क्या। जो लोन सेटल करने के नाम पर इतने रुपए मांग रहा है। लेकिन बैंक मैनेजर ने इस बात से इनकार कर दिया। फिर उन्होंने कहा कि ठीक है। उस व्यक्ति को फोन करके लोन लेने के नाम पर बुलाइए। जब उसे बुलाया गया तो शनिवार देर शाम उसे पकड़ कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछा तो उसने बताया कि वह कई लोगों के साथ ठगी करता था। पुलिस ने बताया कि इस व्यक्ति के पास से अविनाश राज नाम से पंजाब नेशनल बैंक का एक आई कार्ड मिला है। इस कार्ड पर चीफ मैनेजर का पद लिखा हुआ है। जोनल ऑफिस, पटना, बिहार आई कार्ड पर लिखा हुआ है। आई कार्ड पर मोहर सिग्नेचर के साथ जनरल मैनेजर का नाम पीके शर्मा दर्ज है। इस फर्जी अधिकारी के पास से कई ज्वाइनिंग लेटर, पंजाब नेशनल बैंक के स्टांप और लिफाफे सहित लगभग दर्जन भर आई कार्ड मिले हैं। इतना ही नहीं कई जगहों के एयरोप्लेन के टिकट भी मिले हैं। फिलहाल नगर थाना अध्यक्ष राम निवास के द्वारा मामले की सभी बिंदुओं से जांच की जा रही है।
मुख्यालय डीएसपी निशित प्रिया ने बताया कि इसके बारे में फिलहाल हमें कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसी बात सामने आई है तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर पूरा मामला क्या है। आरोपी जांच में अगर दोषी पाया जाता है तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।