Liquor Ban in Bihar : बिहार में शराबबंदी है, लेकिन नशेड़ी वाहन चालकों के कारनामे बार-बार जगजाहिर हो रहे हैं। इस बार स्वास्थ्य विभाग के नेम प्लेट वाली एक स्कॉर्पियो स्टेट बैंक मैनेजर समेत दो लोगों को कुचलती हुई घर में जा घुसी। चालक नशे में था।
बेतिया में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बैंक मैनेजर समेत दो लोगों को कुचलती हुई घर में घुस गई। दोनों की हालत गंभीर है। स्कॉर्पियो पर बेतिया के बिहार सरकार अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के नेम प्लेट लगी है। इधर, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया और जांच में जुट गई। जांच में पता चला कि ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने स्कार्पियो चालक को पकड़ लिया
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम नगर के मुहर्रम चौक पर पश्चिम चंपारण (बेतिया) के अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के नेम प्लेट लगी एक अनियंत्रित स्कार्पियो दीवार तोड़ते हुए घर में घुस गई। इससे बाइक सवार एसबीआई कुमारबाग़ के शाखा प्रबंधक अमित राज गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर घंटो अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने स्कार्पियो चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार मौके पर पहुंच स्कार्पियो समेत चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि चालक नशे में धूत था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
परिजनों ने बताया कि स्कार्पियो चालक नशे में धुत था
इधर घायल बैंक मैनेजर के परिजनों ने बताया कि घायल बैंक मैनेजर अमित राज स्टेट बैंक के रीजनल कार्यालय से गुरुवार शाम नगर के बेलबाग स्थित अपने आवास जा रहे थे। इसी दौरान बेलगाम स्कार्पियो ने उन्हें रौंदते हुए एक घर में घुस गया। इसमें वह घायल हो गए हैं। परिजनों ने बताया कि स्कार्पियो चालक नशे में धुत था।