कल रहेगी मेडिकल की दुकानें बंद
- फोटो : Amar Ujala
समस्तीपुर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राष्ट्रीय संगठन एआईओसीडी और राज्य संगठन बीसीडीए पटना के आह्वान पर यह एक दिवसीय बंद आयोजित किया जा रहा है।
ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी छूट का विरोध
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार और सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट देकर पारंपरिक दवा व्यवसाय को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे दवा व्यवसायियों की गरिमा प्रभावित हो रही है और आम लोगों व मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच दूरी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दवाएं जीवन रक्षक होती हैं, लेकिन ऑनलाइन सप्लाई के दौरान दवाओं के रखरखाव और जरूरी तापमान मानकों का सही तरीके से पालन नहीं हो पाता। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। साथ ही संगठन ने नकली दवा निर्माण पर सख्ती से रोक लगाने की मांग भी उठाई है।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: सहयोग शिविर में पहुंचीं मंत्री लेसी सिंह, बोलीं- जनता को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे
आम लोगों की सुविधा के लिए खुली रहेंगी कुछ दुकानें
एसोसिएशन ने बताया कि बंदी के बावजूद आम लोगों की जरूरतों को देखते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक मेडिकल स्टोर खुला रहेगा। इनमें समस्तीपुर का भारत मेडिकल हॉल, बिथान का शिवम मेडिकल हॉल, हसनपुर का रामा मेडिकल हॉल, रोसड़ा का न्यू शिव मेडिकल हॉल, ताजपुर का हिंदुस्तान मेडिकल हॉल, पूसा रोड का महादेव मेडिकल हॉल, कल्याणपुर का अमित मेडिकल हॉल और वारिसनगर का अमनदीप मेडिकल हॉल शामिल हैं।