फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दरभंगा स्नातक चुनाव परिणाम: मतगणना में 32 प्रत्याशी क्यों हटाए गए मैदान से? अब आठ में चुने जाएंगे विजेता

Thu, 29 Oct 2026 10:12 AM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

दरभंगा स्नातक निर्वाचन में मतगणना तीसरे दिन भी जारी है। अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कौन-सा प्रत्याशी जीत के लिए निर्धारित मतों का आंकड़ा हासिल करता है। फिलहाल मतगणना में देरी, राजद के आरोपों और प्रशासन के जवाब के बीच दरभंगा स्नातक चुनाव का परिणाम चर्चा का विषय बना हुआ है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
विज्ञापन
दरभंगा स्नातक निर्वाचन के लिए मतगणना तीसरे दिन भी जारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम को लेकर मतगणना में देरी के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों के बाद मतगणना केंद्र पर गहमागहमी बढ़ गई है। जीत के लिए निर्धारित 31,911 मत हासिल नहीं होने के कारण पहली वरीयता के मतों की गिनती के बाद दूसरी वरीयता के मतों की गणना शुरू की गई है। अब तक 32 चरणों में 32 प्रत्याशी मैदान से बाहर हो चुके हैं और आठ उम्मीदवारों के दूसरी वरीयता के मतों की गिनती जारी है। इस बीच राजद विधायक आलोक मेहता ने मतगणना में देरी और परिणाम में कथित हेराफेरी के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने मतगणना में देरी और वैध मतों को अवैध घोषित करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मतगणना को निष्पक्ष बताते हुए राजद के आरोपों को निराधार बताया है।

विज्ञापन


जीत के लिए चाहिए 31,911 मत
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दसवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद भाजपा के सर्वेश कुमार करीब 1,500 मतों से आगे चल रहे थे। हालांकि, वह जीत के लिए निर्धारित 31,911 मतों का आंकड़ा हासिल नहीं कर सके। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत कम मत पाने वाले प्रत्याशियों को क्रमशः बाहर करते हुए दूसरी वरीयता के मतों की गणना शुरू की गई। 32 चरणों की प्रक्रिया के बाद अब आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सर्वेश कुमार, अनिल कुमार झा, मो. इम्तेयाज नूरानी, दिलीप कुमार, रजनीकांत पाठक, आदित्य नाथ झा, धर्मांश रंजन और रविंद्र यादव शामिल हैं।

आलोक मेहता ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
मतगणना में देरी को लेकर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। उजियारपुर से राजद विधायक आलोक मेहता और पूर्व मंत्री ललित यादव मतगणना केंद्र पहुंचे और जिला प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। आलोक मेहता ने आरोप लगाया कि दरभंगा स्नातक चुनाव के परिणाम में हेराफेरी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर एसआईआर से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस बीच राजद नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दरभंगा पहुंचने का भी दावा किया है।
विज्ञापन


हंगामे के बाद मतगणना केंद्र पर सुरक्षा बढ़ाई गई
देर रात मतगणना में देरी को लेकर राजद कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी में बुधवार देर रात दूसरी वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई। हालांकि, मतगणना पूरी होने तक परिणाम को लेकर अनिश्चितता बनी रही।

डीएम बोले- निष्पक्ष तरीके से हो रही मतगणना
दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि मतगणना निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने राजद के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सभी उम्मीदवारों की सहमति के बाद मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। मतगणना केंद्र में हुए हंगामे पर डीएम ने कहा कि चेतावनी के बावजूद अनुशासन का पालन नहीं करने पर पुलिस कार्रवाई की गई। उनके अनुसार, मतगणना पूरी होने में अभी कई घंटे लग सकते हैं और परिणाम गुरुवार सुबह तक आने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें