मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार गांव में दहेज के लिए ससुराल वालों ने महिला को तीन अबोध बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता नासरीन परवीन ने कमतौल थाने में अपने पति गुफरान इमाम, सास समीना खातून और देवर मो. इमरान इमाम के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
दर्ज प्राथमिकी में उसने आरोप लगाया है कि उसका निकाह 22 दिसंबर 2018 को मुस्लिम रीति रिवाज के साथ गुफरान इमाम के साथ खुशी-खुशी हुआ थी। इन छह वर्षों में उसे तीन बच्चे हुए। इतने दिनों बाद अब उसके पति, सास और देवर एक अपाचे बाइक, एक लाख रुपये नकदी और एक भर सोना मायके वालों से मंगवाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। उसने इसका विरोध किया तो उसे सभी लोगों ने मारपीट और तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे। वह किसी तरह वहां जीवन बसर कर रही थी।
पीड़िता ने प्राथमिकी में आगे बताया कि इस बीच 27 मई की रात उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। आस पड़ोस लोग हंगामा सुनकर आए तो उन लोगों ने समझा-बुझा कर मामले को तत्काल तो शांत करा दिया। लेकिन अगले दिन उसका सारा गहना-जेवर ससुराल वालों ने छीन लिया और उसे तलाक की धमकी देते हुए तीनों अबोध बच्चों के साथ उसे घर से निकाल दिया। मामले को लेकर कमतौल थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।